Homeन्यूज़ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायतों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, आय बढ़ाने पर...

ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायतों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, आय बढ़ाने पर जोर

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी उदयवीर सिंह दुबे ने की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों की आय के स्रोतों को बढ़ाना, डिजिटल प्रक्रियाओं को मजबूत करना तथा शासन द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को देना रहा।

इस दौरान ओएसआर (अन्य स्रोतों से प्राप्त राजस्व) से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खंड विकास अधिकारी उदयवीर सिंह दुबे ने कहा कि ग्राम पंचायतों की आय में वृद्धि के लिए उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग, अभिलेखों का डिजिटलीकरण और तकनीकी साधनों का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि तकनीकी जानकारी के अभाव में कई बार पंचायतों को समय पर धनराशि प्राप्त नहीं हो पाती, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। यदि सभी कार्य शासन के नियमों के अनुरूप किए जाएं तो पंचायत की आय बढ़ाई जा सकती है और उसी धनराशि से गांवों में विकास कार्य कराए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्रद्धा तिवारी ने पंचायत सचिवों, ग्राम प्रधानों और पंचायत सहायकों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने-अपने ग्राम पंचायतों में प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि इससे कार्यों में पारदर्शिता आएगी और विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा। कार्यक्रम में पंचायतों के दैनिक कार्यों में डिजिटल माध्यमों के उपयोग, अभिलेख प्रबंधन और आय सृजन के व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) देवेंद्र सिंह, प्रेम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम को ग्राम पंचायतों के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक बताया गया।

MiH News
MiH Newshttp://mihnews.com
MiH News का मुख्य उद्देश्य है आप लोगो तक ताज़ा जानकारी को सबसे तेज और सबसे पहले पहुँचाना है। हम तेज़ और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular