
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार अछल्दा की ओर से भरथना की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नहर में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुँचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक कार में सवार दो पुरुष और एक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

