
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम धनुआ के समीप हुए सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग व्यवसायी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका साथी अभी घायल अवस्था में है। घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे नगर के महलई टोला निवासी व्यवसायी राजकिशोर गुप्ता उर्फ किशोर कुमार (70) अपने परिचित जितेंद्र उर्फ छुल्ले (46) निवासी नगला इंछा के साथ बाइक से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आए किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रविवार को राजकिशोर गुप्ता ने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी कुकी गुप्ता, गोद लिए पुत्र हर्ष (22) तथा चार विवाहित पुत्रियां — आरती, पूजा, राधा और ज्योति — को छोड़ गए हैं। बुजुर्ग व्यवसायी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

