Homeउत्तर प्रदेशमहाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, दिनभर गूंजे भजन-कीर्तन

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, दिनभर गूंजे भजन-कीर्तन

34463
फोटो : शिवमंदिर में पूजा अर्चना करते हुए भक्त गण

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को नगर व क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। शिवालयों से अखंड रामायण पाठ, शिव महिमा, शिव चालीसा और भजन-कीर्तन की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। शंख, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर दूध, फल-फूल, धतूरा, बेलपत्र और भांग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी, जिससे भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालु भी जसवंतनगर पहुंचकर विभिन्न शिवालयों में दर्शन करते नजर आए। भक्ति गीतों पर झूमते कांवड़ियों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। महिलाएं और पुरुष पूजा की थालियां सजाए सुबह से ही मंदिरों की ओर जाते दिखे। नगर के प्रमुख शिवालयों — बिलैया मठ स्थित शिवालय, तालाब किनारे स्थित शिव मंदिर, गुलाबबाड़ी बाग, कोठी कैस्त स्थित विश्वेश्वर धाम, रामेश्वर मंदिर, कटरा पुख्ता का शिवशक्ति मंदिर, चूड़ामणि मंदिर, रेलमंडी फाटक का प्राचीन शिवालय, ब्लॉक कॉलोनी व ग्राम कैस्त के मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं।दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति व उल्लास का वातावरण बना रहा।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.com/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular