
जसवन्तनगर, (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। नगर के वार्ड नंबर 19 स्थित अहीर टोला क्षेत्र में जाम नालियों और फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समस्या से परेशान वार्ड सभासद संजीव कुमार ने नगर पालिका प्रशासन की कथित अनदेखी के विरोध में स्वयं सड़क पर उतरकर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने फावड़ा उठाकर नाली की सफाई कराई और जमा कचरे को हटवाया। सभासद का कहना है कि क्षेत्र में बनी पुलिया अत्यंत संकरी है, जिसके कारण नाली में अक्सर कचरा फंस जाता है और पानी की निकासी बाधित हो जाती है। नतीजतन गंदा पानी गलियों में भरकर बहने लगता है। इससे न केवल राहगीरों को दिक्कत होती है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना रहता है। कई बार नगर पालिका अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक पुलिया चौड़ीकरण या नई पुलिया निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय निवासी दिनेश कुमार मोनू, शिव सिंह मास्टर, घनश्याम यादव, गोविंद यादव, कल्लू यादव, दीपू यादव, योगेश यादव और पंकज यादव ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व पर महिलाएं और श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाते हैं, लेकिन कीचड़ और बदबू के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

