
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के गांव धनुआ में बुधवार की दोपहर एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार धनुआ निवासी पूजा देवी (33) पत्नी अवनीश कुमार शाक्य ने घर के अंदर कुंडे में दुपट्टे के सहारे मकान में दूसरी मंजिल पर बने हुए कमरे में फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर पूजा फंदे से लटकी मिलीं। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की दो बेटियां हैं—कृतिका (8) और नैंसी (5)। उनका मायका भतोरा गांव में है। परिजनों के अनुसार पूजा कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। विवाह को करीब 11 वर्ष हो चुके थे।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि उपनिरीक्षक शिवशंकर ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।

