
औरैया। जिले के थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाना में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट की झूलती विद्युत लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि (32) पुत्र रामसनेही, निवासी जाहरपुरा थाना भरथना, जिला इटावा के रूप में हुई है।
शादी समारोह में आया था हलवाई का काम करने
बताया गया कि रवि गांव गढ़वाना में अपनी भांजी की शादी में हलवाई का काम करने आया था। शनिवार को शादी संपन्न हो चुकी थी और नोएडा से आई बारात की विदाई भी हो गई थी। देर रात के बाद रवि अचानक लापता हो गया। उसका भाई किशन कुमार रातभर उसे तलाशता रहा।
रविवार सुबह करीब 7 बजे खेत के किनारे नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आशंका है कि अंधेरे में खेत की ओर जाते समय वह करंट की चपेट में आ गया।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। करीब तीन माह पहले भी इसी लाइन की चपेट में आने से चार गायों की मौत हो चुकी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रवि तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। पत्नी नेहा और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोग बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जता रहे हैं।
डीएम और बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मांग की है कि जब तक डीएम और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक आगे की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

