Home Blog Page 15

श्रद्धा और सम्मान के साथ शहीद स्तंभ पर मनाया विजय दिवस

0

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। सैनिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में नगर के बिलैया मठ के समीप स्थित शहीद स्तंभ पर विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार, स्थानीय विधायक प्रतिनिधि ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर सहित सैनिक प्रकोष्ठ संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर कानपुर मंडल प्रभारी एवं पूर्व सैनिक जयवीर यादव तथा वर्तमान प्रधान एवं पूर्व सैनिक इंद्रेश कुमार ने विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय और बांग्लादेश की मुक्ति का प्रतीक है, जब पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। यह दिन देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर चक्रव्यूह सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस मौके पर पूर्व मेजर रामविलास, इंद्रपाल सिंह, सुरेश कुमार, अर्जुन सिंह, शिवराज सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को नमन करते हुए देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

गुमशुदा मंदबुद्धि युवक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया

0

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। थाना क्षेत्र के ग्राम अजनौरा निवासी 30 वर्षीय मंदबुद्धि युवक के गुम हो जाने से परिजन परेशान थे। युवक के भाई द्वारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सकुशल खोज निकाला। बरामद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम अजनौरा निवासी सौरभ पुत्र स्वर्गीय नारायण प्रसाद घर से बिना बताए कहीं चला गया था। सौरभ के मंदबुद्धि होने के कारण परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित थे। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग न मिलने पर भाई राजू ने थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

थाना प्रभारी कमल भाटी के अनुसार गुमशुदगी दर्ज होते ही पुलिस टीम को तलाश में लगाया गया। इसी दौरान कचौरा बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रहे उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह और कांस्टेबल प्रशांत पाण्डेय को एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता मिला। पूछताछ में उसकी पहचान गुमशुदा सौरभ के रूप में हुई।

पुलिस ने युवक को सुरक्षित थाने लाकर परिजनों को सूचना दी और बाद में उसे भाई राजू के सुपुर्द कर दिया। युवक को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद जताया।

वरिष्ठ पेंशनर शिक्षकों का गरिमामय सम्मान समारोह संपन्न

0

जसवंतनगर (संवाददाता – पंकज राठौर) इटावा। उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद के तत्वावधान में मिडिल स्कूल परिसर, जसवंतनगर में वरिष्ठ पेंशनर शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक सेवा देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी परिषद के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शाक्य ने स्वयं वरिष्ठ पेंशनर शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर एवं फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपने संक्षिप्त वक्तव्य में चंद्र प्रकाश शाक्य ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और त्याग से ही नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ा जाता है। परिषद आगे भी वरिष्ठ पेंशनर शिक्षकों के सम्मान और हितों के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर 10 वरिष्ठ पेंशनर शिक्षकों मूलचंद्र पाल, जय नारायण शर्मा, श्याम बाबू यादव, हेतु सिंह, सवीर अली, राम सिंह पाल, सत्यनारायण, कैलाश नारायण, रमेश चंद्र एवं श्रीमती राममूर्ति देवी को सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार यादव ने की तथा संचालन रामविलास यादव ने किया। समारोह में गंगाचरण, ओमप्रकाश, सहीराम, कन्हैया लाल, नरेंद्र सिंह तोमर, मेघ सिंह, अयोध्या प्रसाद, भारत सिंह, राम सिंह पाल, भगवान देवी, रामनाथ शाक्य, सुशीला देवी, शौकीन सिंह, कृष्ण बाबू त्रिपाठी, जगत नारायण सहित सैकड़ों की संख्या में पेंशनर शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने गोष्ठी आयोजित कर मानवाधिकारों की रक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ पर जोर और समाजसेवा का दिया संदेश

0

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के तत्वाधान में जिलाध्यक्ष शाहिद खान के नेतृत्व में विकास खंड सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। अतिथियों के स्वागत सम्मान के बाद संगठन पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। प्रमुख विषय रहा कि मानवाधिकारों की रक्षा तभी संभव है जब समाज में जागरूकता बढ़े और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे।

मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे ने कहा कि मानवाधिकार केवल किताबों में नहीं, बल्कि जीवन में उतरने चाहिए। शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, साफ पानी और महिलाओं की सुरक्षा मानवाधिकारों का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता का वास्तविक पैमाना गांव के अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचना है।

विशिष्ट अतिथि सामाजिक विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि मानवता से जुड़ी जिम्मेदारी है। किसी के साथ अन्याय न हो, बीमारी, गरीबी और संकट में लगे लोगों की मदद हो, यही वास्तविक मानवाधिकार है। उन्होंने कहा कि दूसरों के हित में किये गये छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मनरेगा, वृद्ध पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छता अभियान और जीवनोपयोगी योजनाएँ किसी की भी गरिमापूर्ण जिंदगी का अधिकार सुनिश्चित करती हैं। एडीओ आईएसबी महेश सिंह ने कहा कि मानवाधिकारों का सम्मान तभी होगा जब पात्रों को उनका अधिकार समय पर मिले।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अर्चना शाक्या ने किया। महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नीलम यादव, जिला उपाध्यक्ष रश्मि यादव, महिला प्रकोष्ठ मैनपुरी जिलाध्यक्ष नीतू यादव, तहसील अध्यक्ष उपासना देवी, तहसील अध्यक्ष मनीष कुमार, प्रियंका कुमारी, तहसील उपाध्यक्ष लौंगश्री, जिला मंत्री सुमित सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संकल्प लिया गया कि कमजोर, जरूरतमंद और उपेक्षित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करेगा, यही विश्व मानवाधिकार दिवस का वास्तविक संदेश है।

मानवाधिकार दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

0

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत हाईवे मलाजनी स्थित एरिस्टोटल वर्ल्ड स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर संयोजन पीएलवी अधिकार मित्र राजेन्द्र यादव ने किया। उन्होंने बताया कि मानवाधिकार हर व्यक्ति का मूल अधिकार है और इसका सम्मान समाज व प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पोषण से संबंधित योजनाओं पर जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हर परिवार व समाज का कर्तव्य है।

पीएलवी ऋषभ पाठक ने नालसा हेल्पलाइन, लोक अदालत तथा विधिक सेवाओं की उपलब्धता पर चर्चा की। उन्होंने मानवाधिकारों के महत्व और इसके उल्लंघन को रोकने में सामूहिक जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। लक्ष्मी व अन्य विद्यार्थियों ने जिज्ञासाओं का समाधान पाया। शिविर में विद्यालय की प्रशासक रीता सिंह, प्रधानाचार्य वेद पाठी तिवारी, शिक्षक सुरेंद्र कुमार, कृष्ण गोपाल अवस्थी, दीक्षा शुक्ला, आकांक्षा राठौर और खुशबू कुमारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में पीएलवी नीरज के संयोजन में श्री जोधा सिंह इंटर कॉलेज में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों को मानवाधिकारों, बाल अधिकारों और कानूनी सहायता संबंधी उपयोगी जानकारी दी गई। कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जागरूकता ही अधिकारों की रक्षा का पहला कदम है।

नहर बम्बा की निकली हुई सिल्ट से सड़क पर राहगीरों को वढ़ा खतरा

0

जसवंतनगर (संवाददाता – पंकज राठौर) इटावा। भोगनी पुर गंग नहर से निकली खारजा झाल शाखा की सिल्ट सफाई के दौरान निकली मिट्टी ने बलरई–ब्रह्माणी देवी मार्ग पर गंभीर समस्या खड़ी कर दी है। कार्य के दौरान निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे ही डाल दिया गया, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा ढक गया है और मार्ग काफी संकरा हो गया है। इससे प्रतिदिन आने-जाने वाले वाहनों को अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है तथा दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है।

यह मार्ग सिद्धपीठ ब्रह्माणी देवी मंदिर जाने का मुख्य रास्ता है, जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। दुपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी अधिक रहती है, लेकिन सड़क पर फैली सिल्ट और किनारे खड़े सरकंडे के डंडों ने रास्ते को और तंग कर दिया है। राहगीरों मुकेश, दीपक, पिंटू और सुरेंद्र ने बताया कि दोनों ओर से वाहन मिलने पर गुजरना मुश्किल हो जाता है। उड़ती धूल बाइक सवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है और कई बार आगे का रास्ता तक दिखाई नहीं देता।

इसी मार्ग पर स्थित श्री रघुवर दयाल पाठक इंटर कॉलेज के अध्यापक सचिन कुमार, चन्द्रप्रकाश, पंकज दीक्षित, सुखराम, राकेश, लवलेश, खुशीराम और अमित कुमार सहित पाँच सौ के करीब छात्र और छात्राओं ने भी संकरे रास्ते से रोजाना परेशान होकर स्कूल पहुंचने की बात कही। पीडब्लूडी विभाग के अवर अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि नहर विभाग को पत्र भेजकर जल्द ही सड़क पर फैली झाड़ियां और सिल्ट हटवाने की कार्रवाई कराई जाएगी।

ब्लॉक स्तरीय स्काउट – गाइड रैली का आयोजन

0

जसवंतनगर (संवाददाता – पंकज राठौर) इटावा। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या, जसवंतनगर परिसर में ब्लॉक स्तरीय स्काउट–गाइड रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार के निर्देशन में हुआ।

प्रतियोगिता में क्षेत्र के कई विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभा, अनुशासन और कौशल का प्रदर्शन किया। परिणामों में उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला छत्ते प्रथम स्थान पर रहा, कन्या जूनियर जसवंतनगर द्वितीय स्थान पर रही, उच्च प्राथमिक विद्यालय सराय भूपत तृतीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी जिला गाइड कैप्टन संजू संखवार ने निभाई। बच्चों ने रंगोली, फूड प्लाजा, टेंट पिचिंग सहित अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर उपस्थितजनों की तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुत तालीयोग, स्वागत गीत और सरस्वती वंदना विशेष आकर्षण रहे।

विजेता टीमों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। रैली को सफल बनाने में लाली देवी (प्रधानाध्यापक), योगेंद्र सिंह, गुंजन, सुधा देवी, प्रमिला, अंजू, लता, सीमा और ललित का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोग बच्चों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते नजर आए।

शौच के लिए निकले युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत, परिवार में कोहराम

0

जसवंतनगर (संवाददाता: पंकज राठौर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराय भूपत कटेखेड़ा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शौच के लिए घर से निकले महेंद्र सिंह (31) पुत्र स्वर्गीय सतीश चंद्र कठेरिया की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।

मृतक के भाई अजय कठेरिया ने बताया कि महेंद्र सुबह रोज की तरह शौच के लिए गया था। घर से करीब ढाई से तीन सौ मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने कपड़ों और चेहरों से पहचान की, जिसके बाद गाँव में मातम छा गया।

महेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी मीरा देवी और तीन छोटे बच्चों—रोहित (8), आरजू (5) और नितिन (2)—को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है और महेंद्र ही घर का एकमात्र सहारा था। घटना के बाद पत्नी मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और ग्रामीण भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे, लेकिन घर में फैले दुख के माहौल को देखकर हर कोई गमगीन हो गया।

चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, छात्र–छात्राओं ने किया शानदार प्रदर्शन

0

जसवंतनगर, इटावा (संवाददाता: पंकज राठौर)। चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के परिणाम घोषित हो गए, जिसमें एएनएम, जीएनएम और बी.एससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। एएनएम प्रथम वर्ष (बैच 2024–25) में अर्पिता ने 702 (87.52%) अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि द्वितीय स्थान रश्मि वर्मा 688 (86%) के नाम रहा। शिवानी और प्रांजलि तिवारी ने 677 (84.62%) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। एएनएम द्वितीय वर्ष (बैच 2023–24) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अंकाक्षा ने 550 (91.6%), द्वितीय स्थान तनु ने 544 (90.6%) और तृतीय स्थान शिवांगी ने 539 (89.83%) प्राप्त किया।

जीएनएम प्रथम वर्ष (बैच 2024–25) में स्नेहा 412/500 अंक के साथ प्रथम, रिया 412/500 एवं नेहा दुबे 403/500 के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय और गुनयन 400/500 के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। जीएनएम द्वितीय वर्ष (बैच 2023–24) में प्रथम स्थान अंजलि ने 603/600 (86%), द्वितीय स्थान मुस्कान ने 595/600 (85%) तथा तृतीय स्थान संयुक्त रूप से अमृता और यश ने 588/600 (84%) अंक प्राप्त कर हासिल किया। जीएनएम तृतीय वर्ष (बैच 2022–23) में प्रथम स्थान काजल ने 544/600 (90%), द्वितीय स्थान मीनू ने 538/600 (89.66%) तथा तृतीय स्थान संयुक्त रूप से दीपशिखा और कंचन ने 536/600 (89%) अंक प्राप्त कर हासिल किया।

बी.एससी नर्सिंग 7वें सेमेस्टर (बैच 2021–22) में प्रथम स्थान अंकाक्षा पाल ने 422/500 (84.04%), द्वितीय स्थान श्रष्टी यादव ने 418/500 (83.6%) और तृतीय स्थान दिव्या कुशवाहा ने 417/500 (83.4%) अंक प्राप्त कर हासिल किया। बेहतर परीक्षा परिणामों पर संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता कॉलेज में दी जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

वहीं संस्था की निदेशक डॉ. रीमा शर्मा ने कहा कि कॉलेज केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण, हॉस्पिटल अनुभव और प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि हर विद्यार्थी को भविष्य में बेहतर रोजगार प्राप्त हो सके और वे स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें। परिणाम घोषित होने के बाद पूरे कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी टॉपर्स को कॉलेज परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।

Achalda News: गोपाष्टमी पर गौशाला में गौ माता की पूजा

0

अछल्दा (औरैया) Achalda News: कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी को मनाए जाने वाले पवित्र पर्व गोपाष्टमी के अवसर पर गौशाला में गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नि. वर्तमान मंडल अध्यक्ष एवं लोकसभा प्रमुख रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर रहे। उनके साथ अयोध्या मंदिर आंदोलन के कर्मठ सिपाही तथा विश्व हिंदू परिषद के नगर कार्यवाह धर्मनारायण पोरवाल, मंडल महामंत्री राजीव शर्मा, मंडल कोषाध्यक्ष रणबीर कमल, मंडल उपाध्यक्ष इब्दुल शाह उर्फ ईदू तथा हरिओम शर्मा सहित कई अन्य गौ सेवक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

गौशाला परिसर में गौ माता को फूल-माला पहनाई गई, साथ ही गुड़, चना, फल और हरी घास का भोग लगाया गया। उपस्थित लोगों ने गौ सेवा की शपथ ली और गौ संरक्षण के महत्व पर चर्चा की। जितेंद्र सिंह सेंगर ने अपने संबोधन में कहा कि गौ माता हमारी संस्कृति और पर्यावरण की रक्षा का प्रतीक हैं, उनकी सेवा से राष्ट्र की समृद्धि सुनिश्चित होती है। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें गौशाला की सफाई और गौ माता के लिए चारे की व्यवस्था भी की गई।

यह वीडियो देखें