Home Blog Page 8

कर अधीक्षक अरविंद शर्मा को सेवानिवृत्ति पर नगर के लोगों ने व पालिका के कर्मचारियों द्वारा दी गई भाव भीनी विदाई

0
1004374410
फोटो :- कर अधीक्षक अरविन्द शर्मा के सेवा निवृत्त होने पर विदाई समारोह में स्वागत करते विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू यादव।

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर अधीक्षक अरविंद शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को पालिका सभागार में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों व नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इटावा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष मिश्रा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जसवंत नगर के अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ प्रताप सिंह, सोनू यादव सहित कई सभासद व सभासद प्रतिनिधि शामिल हुए।

वक्ताओं ने कर अधीक्षक अरविंद शर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार कुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वे कर्मचारियों व आम जनता के बीच एक लोकप्रिय अधिकारी के रूप में जाने जाते रहे। उनके नेतृत्व में कर संग्रह व्यवस्था को मजबूती मिली और पालिका के राजस्व में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

कार्यक्रम में सभासद प्रमोद कुमार व उनकी सभासद पत्नी मंजू देवी, फारुख, सुधीर यादव, अनुरुद्ध दुबे मोनू, फैजान, शेष कुमार सहित अनेक सभासदों व पालिका स्टाफ ने श्री शर्मा को फूल-मालाएं पहनाकर व उपहार भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का समापन उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ हुआ।

घने कोहरे के चलते श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस ट्रैक्टर से टकराकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी

0
1004374394
  • जसवंतनगर थाना क्षेत्र के हाईवे पर शनिवार सुबह 4 बजे मलाजनी के पास हुआ हादसा।
  • ट्रैक्टर चालक परिचालक समेत 12 श्रद्धालु गंभीर घायल।
  • बस में सवार करीब 50 श्रद्धालु मथुरा से अपने घर जिला जालौन जा रहे थे।
  • पुलिस प्रशासन ने रेस्क्यू कर बस से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला, घायलों को भेजा अस्पताल।
  • डीएम एसएसपी ने घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर लिया घायलों का हाल-चाल, बेहतर उपचार के दिये निर्देश।

जसवंतनगर, (रिपोर्ट : पंकज राठौर) इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी रेलवे ओवरब्रिज के पास अलख सुबह करीब 4 बजे आगरा से इटावा जाने वाली सड़क पर बरसाना मथुरा वृंदावन से अपने घर जिला जालौन जा रहे करीब 50 श्रद्धालुओं से भरी बस हाईवे पर घने कोहरे के कारण अदृश्यता के चलते अपने आगे जा रहे हैं ट्रैक्टर से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे बने खेतों में जाकर पलट गई। हादसे और बस पलटने से उसमें सवार श्रद्धालुओं की चीख पुकारो की आवाज सुनकर आसपास के होटल वाले घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल थानाध्यक्ष कमल भाटी मय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचना कर बस में फंसे श्रद्धालुओं को रेस्क्यू करने में अपनी टीम के साथ लग गए।

रेस्क्यू के दौरान चार एंबुलेंस के जरिए ट्रैक्टर के चालक परिचालक राजीव कुमार पुत्र राम बिहारी उम्र करीब 40 वर्ष निवासी मलतीपुर व आशीष कुमार पुत्र राकेश कुमार उम्र 25 वर्ष दोनों निवासी जिला कानपुर देहात समेत बस श्रद्धालु शरद गुप्ता 45 वर्ष , रेखा 60 वर्ष, ज्योति 45 वर्ष, शीला 60 वर्ष, उषा 65 वर्ष, अवधेश 65 वर्ष,दिलीप कुमार 63 वर्ष,कल्पना 59 वर्ष ,सुनीता गुप्ता 58 सभी निवासी माधौगण, कुठोंद, उरई जालौन व बस परिचालक रामनरेश पुत्र जयदयाल उम्र करीब 62 वर्ष निवासी गिरधारीपुरा भरथना इटावा कुल 12 गंभीर घायलों को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।जहाँ पहले से अपनी टीम के साथ मुस्तेद सीएचसी अधीक्षक डॉ वीरेंद्र सिंह ने घायलों के पहुंचते ही इलाज शुरू कर दिया।तीन गंभीर घायलों की चिंता जनक हालत देखते हुए राजीव, आशीष,कल्पना को रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी उप जिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना।

डीएम एसएसपी ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।बताया गया है कि सोनू ट्रैवल्स ग्वालियर की प्राइवेट डबल देकर बस से जालौन निवासी बस में सवार सभी श्रद्धालु चार धाम की यात्रा को एक महीने पूर्व निकले थे शुक्रवार को बरसाना वृंदावन मथुरा दर्शन कर रात 11:00 बजे मथुरा से निकले थे और शनिवार सुबह यह हादसा हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।वही कानपुर देहात निवासी राजीव कुमार खेतों की फसल को काटने के लिए प्रयोग में आने वाली नई कटर मशीन भरतपुर राजस्थान से खरीद कर ट्रैक्टर से वापस अपने घर कानपुर देहात जा रहे थे। सुरक्षित सभी श्रद्धालु यात्रियों को प्रशासन पुलिस ने अन्य वाहन से उनको उनके गंतव्य के लिए भेजा। घने कोहरे के कारण घटनास्थल पर हाईवे की सड़क से गुजर रहे अन्य वाहनों को निकालने के लिए पुलिस सतर्क रही। हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने खेत में पलटी हुई बस को हाइड्रा मशीन के जरिए बाहर निकाला।

1004374388

घटनास्थल और अस्पताल में प्रशासन पुलिस ने अलाव कंबल चायपान की करायी व्यवस्था

1004374391

घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा घायलों को बेहतर उपचार और घने कोहरे व भीषण ठंड में सुरक्षित यात्रियों की देखभाल के लिए दिए गए निर्देश पर उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत और क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह घटनास्थल और अस्पताल पर लगातार भ्रमणशील रहकर राहत बचाव कार्य व्यवस्था में लग रहे। घटनास्थल पर थानाध्यक्ष कमल भाटी सिटी इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ और अस्पताल में केंद्र अधीक्षक डॉ वीरेंद्र सिंह,नगरपालिका ईओ श्यामबचन सरोज उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी मोर्चा संभाले रहे।दोनों जगह सुरक्षित श्रद्धालु यात्रियों और उनके तीमतदारों के लिए अलाव, कंबल और चाय पान की व्यवस्था की गई।

प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी आगरा जोन के आदेशों को ठेंगा दिखा रहे डीआईजी शैलेश पांडेय

0
1004374755

फिरोजाबाद (संवाददाता : पंकज राठौर)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में पुलिस अधिकारियों पर संविधान, कानून और उच्चाधिकारियों के आदेशों को खुलेआम नजरअंदाज करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं पीड़ित पत्रकार ने आगरा रेंज व जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर मनमानी, उत्पीड़न और साजिशन फंसाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि एसएसपी फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी एवं पूर्व एसपी ग्रामीण अखिलेश भदोरिया ने नियम, कानून और संविधान को ताक पर रख दिया है। इन अधिकारियों द्वारा प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी एवं डीआईजी के आदेशों की खुलेआम अवहेलना की गई।

100 से अधिक से शिकायती पत्रों को किया गया नजर अंदाज

पीड़ित के अनुसार बीते एक वर्ष में उन्होंने अपने मुकदमे को लेकर विवेचना ट्रांसफर, विवेचक द्वारा की गई लापरवाही, की जांच को लेकर 100 से अधिक प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी आगरा जोन, डीआईजी आगरा रेंज, एसएसपी, एसपी ग्रामीण एवं सीओ फिरोजाबाद को पंजीकृत डाक एवं ई-मेल के माध्यम से भेजे, लेकिन एक भी प्रार्थना पत्र की न तो जांच हुई और न ही कोई जवाब दिया गया। आरोप है कि सभी प्रार्थना पत्रों को जानबूझकर रद्दी की टोकरी में डाल दिया गया और संबंधित मामलों में कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई।

जन सूचना अधिकार अधिनियम का भी उल्लंघन

पीड़ित पत्रकार सुघर सिंह जाटव ने बताया कि जब उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत दिनाँक 23 मई को जनसूचना अधिकारी पुलिस ऑफिस फिरोजाबाद से जन सूचना मांगी, तो फर्जी नियमों का हवाला देकर जनसूचना अधिकारी एसपी सिटी ने सूचना नही दी और बताया कि मुकदमे की विवेचना के दौरान जनसूचना नही दी सकती, जब कि मुकदमा कई माह पहले ही खत्म किया जा चुका है। इसके बाद पीड़ित द्वारा 7 अगस्त को डीजीपी से उक्त मामले की शिकायत की तो डीजीपी कार्यालय के जनसूचना अधिकारी ने 15 अगस्त को एसएसपी एसएसपी फिरोजाबाद को जनसूचना देने का निर्देश दिया लेकिन एसएसपी ने उस आदेश को रद्दी की टोकरी में डाल दिया। इसके बाद पीड़ित पत्रकार डीआईजी आगरा से मिलकर 7 पेज की शिकायत की जिसमें एसपी सिटी को भी आरोपी बनाया गया और दूसरे जिले से जांच कराए जाने का अनुरोध किया गया, लेकिन डीआईजी ने नियम कानून ताक पर रखकर एसएसपी फिरोजाबाद को जांच का आदेश कर दिया, जब तीन महीने तक कोई जांच नही हुई तो पीड़ित पुनः डीआईजी से मिला और न्याय की गुहार लगाई और जांच आख्या मांगी, तो 7 पेज की शिकायत की जांच सिर्फ 1 पेज में ही लीपापोती कर दी गयी, पता चला कि एसएसपी ने दागी आरोपी एसपी सिटी से ही जांच करा डाली और वादी का ब्यान भी दर्ज नही किया और खानापूरी करते हुए फर्जी जांच कर डाली, जब पीड़ित ने डीआईजी से निवेदन किया कि जांच किसी अन्य जिले से करा ली जाए तो डीआईजी ने एसएसपी फिरोजाबाद को फोन लगाया आदेश दिया कि यह पत्रकार पुलिस बहुत शिकायत करता है इसके ऊपर 4 -6 मुकदमे लादकर इसको जेल भेज दो और पीड़ित पत्रकार से अभद्रता करते हुए डीआईजी ने भगा दिया।

इसके बाद पीड़ित द्वारा डीआईजी आगरा रेंज कार्यालय को आवेदन भेजकर 5 जनवरी को जनसूचना के लिए आवेदन भेजा, जिसे डीआईजी कार्यालय द्वारा 7 जनवरी को एसएसपी फिरोजाबाद को पत्र भेजकर सूचना देने का निर्देश दिया गया लेकिन आज तक जनसूचना नही दी। पीड़ित ने बताया कि डीआईजी अपने कार्यालय से खुद जनसूचना दिला सकते थे लेकिन जानबूझकर अभियुक्तों और भृष्ट पुलिस अधिकारियों को बचाने के लिए पीड़ित को जनसूचना नही दी गयी। पीड़ित पत्रकार का कहना है कि जो प्रार्थना पत्र डीआईजी कार्यालय में दिए गए और पंजीकरण डाक व ईमेल से भेजे गए थे उनकी सूचना डीआईजी द्वारा देनी चाहिए थी लेकिन डीआईजी ने फिरोजाबाद पुलिस के ऊपर टाल दी जब कि फिरोजाबाद पुलिस ने पूर्व में ही जन सूचना नहीं दी तब उनसे क्या उम्मीद की जाए ?। इसकी शिकायत भी डीजीपी कार्यालय को भी की गई थी लेकिन 6 माह बीतने के बावजूद भी जन सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है

पुलिस द्वारा पीड़ित पत्रकार की एक साल की कॉल डिटेल निकालकर फंसाने की गहरी साजिश का पर्दाफाश

पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया कि डीआईजी, एसएसपी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अखिलेश भदौरिया, सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, सहित अन्य अधिकारियों ने मिलकर आरोपी युवती से सांठगांठ कर, नियमों को दरकिनार करते हुए एक साल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाई और छेड़छाड़ रेप के झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया गया। लेकिन लोकेशन न मिल पाने के कारण फांसने में असफल रहे। पीड़ित पत्रकार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विवेचक सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी ने उनको ब्यान लेने के बहाने बुलाकर जातिसूचक गालियां दीं, अभियुक्त युवती से समझौता न करने पर जेल भेजने की धमकी दी, बावजूद इसके आज तक कोई विभागीय जांच या कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ित पत्रकार बोला “अब सिर्फ हाईकोर्ट से ही उम्मीद”

इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “जब मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी तक को भेजे गए प्रार्थना पत्रों का कोई संज्ञान नहीं लिया गया, जन सूचना के आदेशों की अवहेलना हुई और पुलिस ने खुद ही कानून तोड़ना शुरू कर दिया, तो अब न्याय की आखिरी उम्मीद सिर्फ माननीय हाईकोर्ट ही बची है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे और पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग करेंगे।

1 वर्ष में पुलिस के उच्चाधिकारियों से 100 शिकायतें, कोई जाँच नही, पत्र किये गायब, नही दी जनसूचना

पीड़ित पत्रकार ने बताया कि 11 फरवरी, 13 फरवरी, 14 फरवरी, 15 फ़रवरी, 25 मार्च, 31 जुलाई, 15 सितम्बर, 22 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, डीजी विशेष जाँच प्रकोष्ठ, एडीजी आगरा जोन, डीआईजी आगरा रेंज, एसएसपी फिरोजाबाद, एसपी ग्रामीण फिरोजाबाद, सीओ शिकोहाबाद, को पंजीकृत डाक व ईमेल से लगभग 100 पत्र भेजे लेकिन 1 भी पत्र की कोई जांच नही हुई। न ही मेरे ब्यान दर्ज किए गए। सभी पत्रों में मनमाने तरीके से अभियुक्तों के आर्थिक लाभ लेकर फर्जी निस्तारण कर दिया।

भारत जानो प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित, मेधावियों का बढ़ाया गया हौसला

0
1004368292

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा जसवंतनगर के तत्वावधान में श्री जोधा सिंह इंटर कालेज हरकूपुर में आयोजित भारत जानो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, शील्ड व मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 12 की छात्रा कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शाखा का नाम रोशन किया। कक्षा 10 की सलोनी द्वितीय तथा कक्षा 10 की ही मोहिनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 8 की संजना प्रथम, कक्षा 8 की अनुष्का द्वितीय और कक्षा 7 की आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 7 की पलक को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष आनंद गुप्ता, प्रतियोगिता प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सोनी, संयोजक उमाकांत श्रीवास्तव के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य व अध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारत जानो प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश की संस्कृति, इतिहास, संविधान और राष्ट्रभावना के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक व बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनमें आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परिषद ने ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

पांच ग्राम पंचायतों में लीगल एड क्लिनिक सेंटरों का निरीक्षण, तीन में मिली अव्यवस्था

0
1004368252

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित लीगल एंड क्लिनिक सेंटरों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं जिला जज रजत सिंह जैन के नेतृत्व में, जिलाविधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के निर्देश पर किया गया। न्यायालय कार्यालय से आए ऋषि कुमार ने पीएलवी/अधिकार मित्र ऋषभ पाठक, लालमन बाथम, राजेंद्र सिंह व कुमारी नीरज के सहयोग से ग्राम पंचायत धरवार, जगसोरा, अजनोरा, जसोहन व धनुआ में बने सेंटरों का उद्घाटन से पूर्व निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान तीन लीगल एड क्लिनिक सेंटरों पर अव्यवस्था पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं दो सेंटर संतोषजनक हालत में पाए गए, जिसकी रिपोर्ट डीएलएसए न्यायालय में प्रस्तुत कर दी गई है। बताया गया कि इन सेंटरों का उद्देश्य ग्रामीणों को न्यायालय की सरल प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि वे बिना किसी खर्च और बिचौलिये के पीएलवी के माध्यम से अपनी शिकायत सीधे न्यायालय तक पहुंचा सकें। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं समस्याओं के समाधान में भी इन सेंटरों की अहम भूमिका रहेगी वहीँ इसी अभियान में जिन पंचायतों में लीगल एंड क्लीनिक नहीं बनाई गई हैं उन गांवों में न्यायालय से आये हुए लोग डोर टू डोर विजिट करेंगे।

सड़क पर पड़ी सिल्ट बनी हादसे की वजह, टिर्री गहरे नाले में गिरी

0
1004369258

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। जसवंतनगर से बलरई जाने वाले बम्बा किनारे सड़क मार्ग पर बहोरीपुर गांव के समीप शुक्रवार की शाम हादसा होते-होते टल गया। इन्वर्टर की बैटरी में पानी भरने के लिए टिर्री में बोतलें लादकर जा रहे जाखन निवासी राजेश कुमार और अल्लू उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब बंबा सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट सड़क पर फैली होने के कारण उनकी टिर्री फिसल गई संतुलन बिगड़ते ही टिर्री सड़क किनारे बने करीब 15 से 20 फुट गहरे नाले में 100 बोतलों में लगभग5सौ लीटर पानी सहित जा गिरी और दोनों युवक भी टिर्री सहित नाले में गिर पड़े।

घटना के समय पास के खेतों में काम कर रहे बहोरीपुर गांव के किसानों ने हादसा होते देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर साहस व तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद ट्रैक्टर की मदद से टिर्री और पानी की बोतलों को भी नाले से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा गहरे नाले में गिरने से बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में सड़क पर पड़ी सिल्ट और बंबा सफाई कार्य के बाद सुरक्षा इंतजाम न होने को लेकर नाराजगी देखी गई।

इटावा में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन का भव्य आयोजन संपन्न

0
1004353506

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नए पदाधिकारियों के लिए परिचय पत्र वितरण,नियुक्ति पत्र वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह आयोजन पत्रकार हितों, एकजुटता और संगठन की मजबूती को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकूट धाम से पधारे महामंडलेश्वर राजेंद्र दास जी महाराज, विट्ठल आश्रम इटावा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर शिवम जी महाराज, तथा राष्ट्रीय जय मां काली सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गुरु जी महाराज व विशिष्ट अतिथि के रूप में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

चित्रकूट धाम से पधारे महामंडलेश्वर राजेंद्र दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “पत्रकार समाज का दर्पण होता है। सत्य और धर्म के मार्ग पर चलकर पत्रकार समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है।” उन्होंने पत्रकारों से अपेक्षा जताई कि वे सत्य, संस्कार और समाजहित को सर्वोपरि रखें तथा अपनी लेखनी से सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करें। विट्ठल आश्रम इटावा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर शिवम जी महाराज ने कहा कि “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। यदि यह स्तंभ मजबूत रहेगा, तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त रहेगा।” उन्होंने संगठन द्वारा पत्रकारों को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

1004353727

राष्ट्रीय जय मां काली सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गुरु जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि “पत्रकार समाज की आवाज़ होता है। जो पीड़ा आम जनता नहीं कह पाती, उसे पत्रकार अपनी लेखनी और कैमरे के माध्यम से सामने लाता है।”उन्होंने संगठन को एकजुट होकर कार्य करने की सलाह दी और कहा कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के लिए ऐसे संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार ने कहा कि “इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। आज पत्रकार अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में संगठन की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है।”

उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों को संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में पत्रकारिता करनी चाहिए। पंडित सुशील कुमार ने आश्वासन दिया कि संगठन हर पत्रकार के साथ खड़ा है और भविष्य में पत्रकारों के हित में कई ठोस कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन के नए पदाधिकारियों को परिचय पत्र व नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले पत्रकार मान्यता प्राप्त स्वतंत्र पत्रकार गणेश ज्ञानार्थी, वरिष्ठ पत्रकार खादिम अब्बास, अतुल वी.एन चतुर्वेदी, अमित मिश्रा, विष्णु राठौर, करन यादव, विनीत कुमार, असित यादव, अनिल चौधरी, रघुवीर यादव, इदरीश, कुलदीप, रवि कुमार, पवन मिश्रा एडवोकेट को माल्यार्पण एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों व राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रदेश अध्यक्ष सुघर सिंह, प्रदेश महासचिव मसूद तैमूरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मु० आमीन भाई, कानपुर मंडल अध्यक्ष पुष्पराज, मंडल उपाध्यक्ष राजीव यादव, जिला प्रभारी सर्वेन्द्र कुशवाहा, जिलाध्यक्ष सैफ तैमूरी, जिला महिला विंग विनीता यादव, जिला उपाध्यक्ष सत्य नारायण राजपूत, कुलदीप कश्यप, पंकज राठौर जिला सचिव, राजपाल, इमरान, राजू कुशवाहा, अतुल यादव, करुणा निधि, इमरान खान, जिला महासचिव सुशील कांत, मनोज कुमार, आशीष कुमार, आकाश जौहरी, पुष्पराज चौहान, राजवीर सिंह, बंटू शर्मा, ब्रजमोहन सिंह, शिवम गोस्वामी, रजनीश कुमार, समेत लगभग एक सैकड़ा पत्रकारों को परिचय पत्र व नियुक्ति पत्र वितरित किये गए। सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा पुष्पहार पहनाकर, मोमेंटो देकर, सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का समापन शपथग्रहण के साथ राष्ट्रहित और पत्रकार एकता के संकल्प के साथ किया गया।

हाथरस होटल में रोटी पर थूकने वाला वीडियो वायरल, कर्मचारी गिरफ्तार

0
1004352953

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक होटल कर्मचारी ने रोटी बनाते समय उस पर थूक दिया और फिर उसे तंदूर में सेंक दिया. इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्राहक ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब खूब वायरल हो रहा है।

यह मामला हाथरस के मधुगढ़ी इलाके में मौजूद बादशाह होटल का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि होटल का कारीगर रोटी बेलते समय उस पर थूकता है और फिर उसे तंदूर में डाल देता है, वीडियो सामने आने के बाद लोगों में काफी गुस्सा है। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी होटल कर्मचारी रफीक को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो देखे

बंबा सफाई की सिल्ट बनी हादसे की वजह, ट्रैक्टर पलटा; कार से टकराकर दो घायल

0
1004339506

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) । नगर से बलरई जाने वाले मार्ग पर ग्राम राजपुर के पास शनिवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। बंबा सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे डाल दिए जाने के कारण ईंट लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सामने से आ रही कार उससे टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

1004339512

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम एक ट्रैक्टर जसवंतनगर से बलरई की ओर जा रहा था। ग्राम राजपुर के पास सड़क किनारे फैली सिल्ट में ट्रैक्टर का पहिया फंस गया। बताया गया कि सिल्ट में पड़ी नुकीली लकड़ी टायर में घुस गई, जिससे टायर फट गया और ट्रैक्टर फिसलकर पलट गया। इसी दौरान बलरई की ओर से आ रही मारुति स्विफ्ट डिजायर कार पलटे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में कार सवार जुगौरा निवासी श्रीकांत पुत्र कमलेश एवं आनंद पुत्र एहवरन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना बलरई से उपनिरीक्षक शेर सिंह तोमर व जसवन्त सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

1004339509

ग्रामीणों का आरोप है कि बंबा सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट को ठेकेदार द्वारा लापरवाहीपूर्वक सड़क किनारे डाल दिया गया है, जिससे आए दिन वाहन फिसल रहे हैं। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलटने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसे पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को अपनी अभिरक्षा में खड़ा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आदिनाथ जिनेंद्र वेदीप्रतिष्ठा एवं आध्यात्मिक ज्ञान अमृत महोत्सव की पत्रिका का भव्य विमोचन संपन्न

0
1004338738

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । नगर में आदिनाथ जिनेंद्र वेदी प्रतिष्ठा एवं आध्यात्मिक ज्ञान अमृत महोत्सव की पत्रिका का विमोचन शुक्रवार को श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में संपन्न हुआ। यह भव्य महोत्सव 9 मार्च 2026 से 12 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। पत्रिका विमोचन अवसर पर नगर की प्रबंध समिति के सर्वराकार तन्मय जैन, समिति मंत्री गोल्डन जैन, नलिन जैन एवं मनोज जैन आदि सेकड़ो साधर्मी उपस्थित रहे। शांति विधान के अवसर पर अनाकुल जैन ने समाजजनों के समक्ष कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी।

चतुर्थ दिवसीय बेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का निर्देशन पंडित संजय शास्त्री (कोटा)के सान्निध्य में संपन्न होगा। तथा विद्वत मार्गदर्शन पंडित विवेक जी शास्त्री (छिंदवाड़ा) का प्राप्त होगा विधान की विधि नायक के रूप में ब्रह्मचारी अशोक जैन (उज्जैन), पंडित सचिन जैन शास्त्री (मंगलायतन) एवं तत्व मनीष के साथ पंडित अजीत जैन शास्त्री (अलवर), पंडित जे.पी. जैन दोषी (मुंबई), पंडित अनिल जैन शास्त्री (भिंड) तथा डॉ. अच्युत कांत शास्त्री (बेंगलुरु) अपनी सहभागिता प्रदान करेंगे।

महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन पंडित सचिन शास्त्री, प्राप्ति जैन, प्रतीति जैन तथा समकित संकुल शास्त्री सिद्धम टीम द्वारा किया जाएगा। सम्पूर्ण भोजन परम शोध विधि से कराया जाएगा जिसका पर्यवेक्षण पंडित जिनेन्द्र जी शास्त्री, श्री मति रेखा जी अलवर द्वारा किया जाएगा। विशिष्ट विद्वत सानिध्य मंगलायतन से पंडित अशोक लुहाडिया, पंडित सुधीर जी, पंडित समकित जी, पंडित अभिषेक के साथ पंडित दिव्यांश जी शास्त्री जयपुर तथा पंडित यश जी शास्त्री करेली का प्राप्त होगा।

कार्यक्रम संयोजक शिवकांत जैन तथा आराध्य जैन ने बताया कि
9 मार्च (सोमवार) को महावीर वाटिका में बनी अयोध्यापुरी में अभिषेक के उपरांत मंच उद्घाटन, ध्वजारोहण एवं मंडप उद्घाटन के साथ प्रारंभ होगी। सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत माता द्वारा देखे गए 16 स्वप्नों पर आधारित अनोखे लेजर शो के साथ विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
10 मार्च (मंगलवार) को अभिषेक व शांतिधारा के पश्चात धर्मसभा, याग मंडल विधान, स्वाध्याय तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम “अपनी नज़रों का उल्टा चश्मा” आयोजित होगा।
11 मार्च को घट यात्रा, वेदी शुद्धि एवं इंद्र सभा का आयोजन किया जाएगा।
12 मार्च को अभिषेक-पूजन के साथ विशाल शोभा यात्रा तथा अनेकों एरावत हाथियो के साथ सम्पन होगी जिसके उपरांत नवीन जिन वेदी का उद्घाटन, नवीन वेदी में श्री जिनेंद्र भगवान का विराजमान, जिनवाणी वेदी चित्र अनावरण तथा सायंकाल भगवान आदिनाथ का भव्य जन्मोत्सव एवं पालन झूलन के साथ महोत्सव का समापन होगा।

महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु विश्व स्तरीय मंगलायतन एवं चिदायतन की टीम द्वारा विशेष निर्देशन तथा सहयोग प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की शोभा और अधिक बढ़ेगी। साथ ही प्रतिदिन बच्चों को संस्कारित करने के उद्देश्य से विशेष कक्षाओं के साथ साथ अपने आप में अनोखा गेमिंग जोन भी बनाया जाएगा एवं स्वाध्याय का आयोजन भी किया जाएगा। महोत्सव के लिए विशेष नवीन भजनों की रचना कराई गई है, साथ ही आमंत्रण पत्र का एक आकर्षक वीडियो भी तैयार किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुँच सके।इस दौरान सकल दिगंबर जैन समाज के अधिकाश लोग मौजूद रहे.