Home Blog Page 9

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0
1004338583

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में पीएलवी अधिकार मित्र रामसुंदर दुबे, ऋषभ पाठक, राजेन्द्र यादव, लालमन बाथम एवं कु. नीरज ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बालिकाओं से जुड़े कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, शिक्षा के अधिकार एवं महिला हेल्पलाइन नंबरों, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, विधिक हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी।बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ा है और किसी भी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपास्थित बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ गंभीर अपराध भी है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग, साइबर अपराध, फर्जी अकाउंट, ऑनलाइन ठगी एवं अनजान लोगों से बातचीत के खतरों के प्रति भी बालिकाओं को सतर्क किया। उन्होंने छात्राओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक और सुरक्षित उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विषय से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सहज और सरल भाषा में समाधान किया गया। अंत में बालिकाओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षिका ज्योत्सना ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर शिक्षिका प्रतिभा सिंह, डिंपल पालीवाल, प्रीती सिंह, संध्या बवेडि़या, अनीता सिंह, वरिष्ठ सहायक योगेश तोमर, नितिन कुमार, सचिन जैन उपस्थित रहे।

धूमधाम से मनाई गई सुभाष चंद्र बोस की जयंती

0
1004337430

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती हाईवे मलाजनी स्थित सुभाष चौक पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा के समक्ष हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मण शाक्य पेंटर एवं पवन शाक्य के संयोजन में किया गया, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान लक्ष्मी नारायण शाक्य ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प वर्षा भी की गई।

बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान नायक थे, जिन्होंने युवाओं में आज़ादी की अलख जगाई। उनका नारा ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ आज भी देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और बलिदान की भावना भर देता है। उन्होंने कहा कि हमें नेताजी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर देशहित में कार्य करना चाहिए।
युवाओं में चेतना जगाना ही नेताजी की सबसे बड़ी क्रांति थी। नेताजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में जुटना होगा।

कार्यक्रम में लक्ष्मण शाक्य ने नेताजी के जीवन, संघर्ष और आज़ाद हिंद फौज के योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत गाया तथा ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गौरव शाक्य, देशराज शाक्य, अजीत शाक्य, मनोज, विपिन बिहारी, ललित कुमार, अमित कुमार, शिशुपाल, राजेंद्र यादव, लालमन बाथम, बंटू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

अलीगढ़ पुलिस ने 77वें गणतंत्र दिवस की परेड का ग्रैंड रिहर्सल किया, SSP ने लिया जायजा

0
1004332574

अलीगढ़ पुलिस ने 77वें गणतंत्र दिवस की तैयारियों के तहत नवीन पुलिस लाइन, छेरत स्थित परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस ग्रैंड रिहर्सल सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस महत्वपूर्ण रिहर्सल का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ श्री नीरज जादौन स्वयं मौजूद रहे। एसएसपी महोदय ने ध्वजारोहण किया और परेड की सम्पूर्ण तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न टुकड़ियों की ड्रिल, अनुशासन, वर्दी-वेशभूषा और आपसी तालमेल को बारीकी से परखा।

1004332576

रिहर्सल के दौरान सभी उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा भारतीय संविधान के प्रति अटूट निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। एसएसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जोर दिया कि गणतंत्र दिवस का यह राष्ट्रीय पर्व पूर्ण गरिमा, सख्त अनुशासन और जोश-उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए, ताकि यह समारोह भव्यता और गौरव के साथ संपन्न हो। अलीगढ़ पुलिस की इन तैयारियों से स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि 26 जनवरी 2026 को परेड में अनुशासन, एकता और गहन देशभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की जाएगी।

Big Breaking News: स्टील प्लांट में ब्लास्ट से 7 मजदूरों की मौत

0
1004329503

Big Breaking News: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां 7 मजदूरों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बकुलाही स्थित रियल इस्पात प्लांट (Real Steel Plant) में हादसा हुआ है।

प्लांट के डीएससी कोयला भट्टे में अचानक विस्फोट से 7 मजदूरों की जान चली गई. ब्लास्ट के दौरान मजदूर भट्ठे के आसपास सफाई का काम कर रहे थे, उसी दौरान वह गर्म कोयले से झुलस गए।

आग की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई और आग बुझाने का काम जारी है। ब्लास्ट इतना तेज था कि आसमान में कई मीटर ऊपर तक काले धुएं का गुबार उठ गया और बिल्डिंग की दीवार भी काली हो गई। परिसर में आसपास राख और जला हुआ कोयला बिखरा पड़ा था।

खटखटा आश्रम में श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य समापन

0
1004325567

जसवन्तनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। जसवंत नगर स्थित पावन खटखटा आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आज भावपूर्ण वातावरण में अंतिम दिन सम्पन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के समापन अवसर पर वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक कोकिल पुष्प जी महाराज ने भक्तों को सुदामा चरित्र की मार्मिक कथा का रसपान कराया।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की निष्काम मित्रता, त्याग, प्रेम और करुणा का जीवंत वर्णन सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। जैसे ही श्रीकृष्ण द्वारा अपने बालसखा सुदामा का आदर-सत्कार और उनकी दरिद्रता को अपने कृपापूर्ण हाथों से हरने का प्रसंग आया, वैसे ही अनेक भक्तों की आंखों से अश्रुधारा बह निकली। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और करुणा से सराबोर हो गया।
कोकिल पुष्प जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि सुदामा चरित्र हमें यह शिक्षा देता है कि सच्ची मित्रता स्वार्थ से परे होती है और भगवान अपने भक्तों की भावना को देखते हैं, न कि उनके बाह्य आडंबर को। उन्होंने बताया कि जब मनुष्य पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान की शरण में जाता है, तो प्रभु स्वयं उसके जीवन की सभी कठिनाइयों को दूर कर देते हैं।

1004325570

इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे। कथा के समापन पर आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजक समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रसाद वितरण 23 जनवरी को आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के इस भव्य आयोजन ने जसवंत नगर क्षेत्र में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संचार किया, जिसकी स्मृतियां श्रद्धालुओं के हृदय में लंबे समय तक बनी। इस मौके पर खटखटा मंदिर के पीठाधीश्वर मोहन गिरी महाराज, मयंक हिमांशु गिरी, आशु गुप्ता, राजा ठाकुर, कमलेश यादव, खन्ना यादव, दिनेश चौरसिया, उत्कर्ष गुप्ता, प्यारे यादव, मुकेश पाराशर सिसहाट, बिल्लू यादव सभासद, मोनू शर्मा सभासद, पूर्व सभासद सुनील यादव आदि मौजूद रहे। पूर्व सभासद ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

डीएम जालौन की संवेदनशीलता से 8 साल की राधिका के सपने होंगे पूरे, सराहनीय पहल

0
1004325430

जालौन (रिपोर्ट – राहुल कुमार)। शासन के मंशा के अनुरूप जालौन जिले में जन चौपाल का आयोजन कर जिला प्रशासन पात्रों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड रामपुरा के ग्राम पंचायत कंझारी में आयोजित हुई एक जनचौपाल का नजारा पल भर में बदल गया, जब 8 साल की एक नन्ही, मासूम लड़की राधिका मंच पर पहुंची। दबी आवाज के साथ उसने अधिकारियों से अपनी दर्दभरी कहानी सुनाई। राधिका ने कहा कि “उसकी माँ का देहांत हो चुका है और पिता ने उसे छोड़ दिया है, जिसके बाद से वह अकेली और असहाय है। लेकिन, इसके बावजूद उसका सपना है कि वह पढ़-लिखकर एक बड़ी अफसर बने”।

इतना सुनने के बाद वहाँ मौजूद जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार को भावुक कर दिया। दोनों अधिकारियों की आँखें नम हो गईं और तत्काल डीएम और एसपी ने राधिका को मंच पर अपने पास बैठाया। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि जिला प्रशासन राधिका की पूरी शिक्षा और आवश्यक खर्चों की ज़िम्मेदारी स्वयं उठाएगा। उन्होंने कहा कि राधिका का सपना साकार करना अब प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बता दे कि राधिका की कहानी सुनकर अधिकारियों का दिल पसीज गया और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राधिका को बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित सभी संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत दिलाया जाए, ताकि उसके भविष्य में किसी तरह की आर्थिक बाधा न आए।

इस मार्मिक घटना के बाद डीएम और एसपी ने गाँव का पैदल भ्रमण किया और आवास, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं का जमीनी स्तर पर सत्यापन किया। जहां भी कमियां मिलीं, तत्काल सुधार के आदेश दिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि गाँव में बच्चों के खेलने के लिए कोई मैदान नहीं है। इस पर डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए 31 मार्च, 2026 तक खेल मैदान का निर्माण पूरा कराने का आदेश दिया। गाँव के तालाब के सौंदर्यीकरण, पाथवे निर्माण और व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश भी दिए गए, ताकि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता और पर्यावरण दोनों बेहतर हो सकें।

यह घटना सिर्फ एक बच्ची की मदद तक सीमित नहीं है। यह सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की एक जीवंत मिसाल बन गई है। इसने दिखाया कि जब अधिकारी जनता से सीधे जुड़ते हैं और उनकी व्यक्तिगत पीड़ा को सुनते हैं, तो नीतियां और कार्यक्रम केवल कागजी दस्तावेज न रहकर मानवीय रूप ले लेते हैं। राधिका की हिम्मत ने न सिर्फ प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा, बल्कि पूरे गाँव के विकास को गति दे दी।

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक सैफई के शाखा प्रतिनिधि के लिए 4 नामांकन पत्र दाखिल

0
1004323731

सैफई (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। सैफई विकास खंड में आज उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक सैफई शाखा के प्रतिनिधि के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। भाजपा समर्थित प्रत्याशियों द्वारा नामांकन करने को लेकर ब्लॉक में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। सपा समर्थित रविन्द्र व देवेंद्र का नामांकन कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विधायक शिवपाल सिंह यादव 12 बजे पहुँचे और नामांकन दाखिल कराया।

लगभग 12 :30 बजे भाजपा समर्थित सदस्यों के निर्वाचन कराने के लिए पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य तथा भाजपा नेता अजय यादव सैफई पहुंचे।और सुमेर सिंह व लाखन सिंह का नामांकन कराया।चारों प्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार व सहायक निर्वाचन अधिकारी राम अवतार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

थाना अध्यक्ष सैफई भूपेंद्र सिंह राठी थानाध्यक्ष बसरेहर सौरभ सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नामांकन स्थल व आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सका। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सदस्यों का यह नामांकन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों प्रमुख दलों की सक्रियता से यह स्पष्ट हो गया कि सहकारी संस्थाओं में प्रतिनिधित्व को लेकर आगामी दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के चलते नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।

इस मौके पर सपा के विधान सभा अध्यक्ष राम नरेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, भाजपा के जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी , विवेक शाक्य, मंडल अध्यक्ष अजय यादव विंदु, संजय मिश्रा, असनीत यादव, अवनीश जाटव, आदि मौजूद रहे।

एटा में नशेड़ी बेटे ने की मां-बाप, पत्नी और बेटी की हत्या

0
1004319490

उत्तर प्रदेश के एटा जिला से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला प्रेमी में सोमवार को हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। इस वारदात को अंजाम देने वाला बेटा ही निकला है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी कमल सिंह को हिरासत में लिया है, जहां उसने अपने पिता गंगा सिंह, मां श्यामा देवी, पत्नी रत्ना और बेटी ज्योति की हत्या करने का जुर्म को कबूल किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशेड़ी है और पारिवारिक विवाद के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपी से रात भर पूछताछ की। चारों मृतकों का अंतिम संस्कार शहर के भूतेश्वर पर किया गया। यहां भी कमल सिंह को नहीं लाया गया। सभी को मुखाग्नि कमल सिंह के बेटे देवांश ने दी।

बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

0
1004316369

भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लंबे इंतजार के बाद आज मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया, पार्टी के नए प्रमुख के रूप में 5 बार के विधायक नितिन नबीन के नाम का आज औपचारिक ऐलान कर दिया गया। इससे पहले उन्हें कल निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह इस पद पर आसीन होने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने नबीन को बीजेपी का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।

उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया, जो 2020 से ही अध्यक्ष पद पर काबिज थे। बिहार की सियासत से नाता रखने वाले नितिन नबीन 5 बार विधायक रहे और वह पार्टी के शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। वह बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

पार्टी के अध्यक्ष बनने पर PM मोदी ने दी बधाई

नितिन नबीन के बीजेपी के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “नितिन नबीन को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी की छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, बीजेपी के संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी. आज उसका विधि पूर्वक समापन हुआ है.” उन्होंने आगे कहा, “अब नबीन मेरे बॉस हो गए हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।”

प्राचीन दरगाह हजरत भोलन शाह पर आयोजित तीन दिवसीय उर्स का भव्य समापन

0
1004318998

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। नगर में स्थित प्राचीन दरगाह हजरत भोलन शाह पर आयोजित तीन दिवसीय उर्स का भव्य समापन मंगलवार सुबह रस्म-ए-चादरपोशी के साथ हुआ। उर्स के दौरान सूफियाना माहौल में कब्बालियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे अकीदतमंदों ने मजार पर चादर चढ़ाकर दुआएं मांगीं।

उर्स का शुभारंभ रविवार रात जश्न-ए-मीलाद शरीफ के आयोजन से हुआ। इस मौके पर मौलाना कमालुद्दीन अशरफी, पेश इमाम ईदगाह इटावा ने कुरआन की तिलावत से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद सोमवार रात और मंगलवार तड़के तक कब्बाली की महफिलें सजीं, जिनमें आसपास के जिलों से आई नामी-गिरामी कब्बाली पार्टियों ने सूफी कलाम पेश कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

रातभर चले उर्स में भारी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए, जिनमें बुर्कानशीन महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने दरगाह पर मत्था टेककर मुल्क में अमन, चैन और भाईचारे की दुआ की। मंगलवार सुबह हजरत भोलन शाह की मजार पर गुस्ल शरीफ की रस्म अदा की गई, जिसके बाद कब्बालों द्वारा रंग पढ़ा गया। इसके उपरांत अकीदतमंदों ने चादरपोशी की। उर्स के आयोजन में कमेटी के सदस्यों के साथ मौलाना और हाफिज भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।