Home Blog Page 4

चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान, दो दर्जन वाहनों के काटे गये चालान, पटाखा छोड़ने वाली बुलेट सीज

0
34455

जसवंतनगर, संवाददाता : पंकज राठौर। रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा समेत एक दर्जन कांस्टेबल व 20 महिला आरक्षियों की टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब दो दर्जन बाइक व ऑटो चालकों के चालान किए गए। काली फिल्म चढ़ी एक थार वाहन को रोककर उसकी काली फिल्म उतरवाई गई। वहीं तेज आवाज में पटाखा छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।

34458

पुलिस ने चेकिंग के साथ ही नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान बाजार व मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। महिला आरक्षियों ने राह चल रही महिलाओं से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और उन्हें हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इसके अलावा अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। दुकान के बाहर सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए सामान हटवाया गया। सीओ ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

हादसे में घायल बुजुर्ग व्यवसायी की इलाज के दौरान सैफई में मौत, परिवार में छाया मातम

0
34473

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम धनुआ के समीप हुए सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग व्यवसायी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका साथी अभी घायल अवस्था में है। घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे नगर के महलई टोला निवासी व्यवसायी राजकिशोर गुप्ता उर्फ किशोर कुमार (70) अपने परिचित जितेंद्र उर्फ छुल्ले (46) निवासी नगला इंछा के साथ बाइक से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आए किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रविवार को राजकिशोर गुप्ता ने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी कुकी गुप्ता, गोद लिए पुत्र हर्ष (22) तथा चार विवाहित पुत्रियां — आरती, पूजा, राधा और ज्योति — को छोड़ गए हैं। बुजुर्ग व्यवसायी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, दिनभर गूंजे भजन-कीर्तन

0
34463
फोटो : शिवमंदिर में पूजा अर्चना करते हुए भक्त गण

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को नगर व क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। शिवालयों से अखंड रामायण पाठ, शिव महिमा, शिव चालीसा और भजन-कीर्तन की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। शंख, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर दूध, फल-फूल, धतूरा, बेलपत्र और भांग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी, जिससे भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालु भी जसवंतनगर पहुंचकर विभिन्न शिवालयों में दर्शन करते नजर आए। भक्ति गीतों पर झूमते कांवड़ियों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। महिलाएं और पुरुष पूजा की थालियां सजाए सुबह से ही मंदिरों की ओर जाते दिखे। नगर के प्रमुख शिवालयों — बिलैया मठ स्थित शिवालय, तालाब किनारे स्थित शिव मंदिर, गुलाबबाड़ी बाग, कोठी कैस्त स्थित विश्वेश्वर धाम, रामेश्वर मंदिर, कटरा पुख्ता का शिवशक्ति मंदिर, चूड़ामणि मंदिर, रेलमंडी फाटक का प्राचीन शिवालय, ब्लॉक कॉलोनी व ग्राम कैस्त के मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं।दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति व उल्लास का वातावरण बना रहा।

इटावा: दो अलग-अलग सड़क हादसों में बालक सहित पांच घायल, दो को सैफई रेफर

0
33919

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक बालक सहित पांच लोग घायल हो गए। एक हादसा ग्राम धनुआ के समीप हुआ, जबकि दूसरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेयर हाउस के पास फ्लाईओवर पर घटित हुआ। पहली दुर्घटना दोपहर करीब 2:15 बजे धनुआ के पास हुई। नगर के व्यवसायी बाइक सवार राजकिशोर गुप्ता उर्फ किशोर कुमार (70) निवासी महलई टोला जसवंत नगर तथा जितेंद्र उर्फ छुल्ले (46) निवासी नगला इंछा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दूसरा हादसा करीब 3 बजे बेयर हाउस के समीप फ्लाईओवर पर हुआ। एत्मादपुर (आगरा) से इटावा बारात में जा रहे विजय प्रताप तोमर (37), उनके पुत्र सम्राट (11) व भाई मनोज प्रताप तोमर (32) गन्ने का रस बेचने वाली जुगाड़ ने अपनी चपेट में लेकर पीछे से टक्कर मारने से घायल हो गए। बच्चे के पैर में गंभीर चोट आई है। हाइवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों का इलाज अपनी देख रेख में कराया।

जाम नाली से अहीर टोला बेहाल, स्वयं सभासद नाली की सफाई करने पर हुए मजबूर

0
33915
फोटो :- नाली की सफ़ाई करते सभासद

जसवन्तनगर, (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। नगर के वार्ड नंबर 19 स्थित अहीर टोला क्षेत्र में जाम नालियों और फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समस्या से परेशान वार्ड सभासद संजीव कुमार ने नगर पालिका प्रशासन की कथित अनदेखी के विरोध में स्वयं सड़क पर उतरकर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने फावड़ा उठाकर नाली की सफाई कराई और जमा कचरे को हटवाया। सभासद का कहना है कि क्षेत्र में बनी पुलिया अत्यंत संकरी है, जिसके कारण नाली में अक्सर कचरा फंस जाता है और पानी की निकासी बाधित हो जाती है। नतीजतन गंदा पानी गलियों में भरकर बहने लगता है। इससे न केवल राहगीरों को दिक्कत होती है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना रहता है। कई बार नगर पालिका अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक पुलिया चौड़ीकरण या नई पुलिया निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय निवासी दिनेश कुमार मोनू, शिव सिंह मास्टर, घनश्याम यादव, गोविंद यादव, कल्लू यादव, दीपू यादव, योगेश यादव और पंकज यादव ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व पर महिलाएं और श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाते हैं, लेकिन कीचड़ और बदबू के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ब्लॉक परिसर में मिशन पंजीकरण अभियान के तहत 42 जन्म प्रमाण पत्र वितरित

0
33452

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की पहल पर संचालित मिशन पंजीकरण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को 42 जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद ने प्रमाण पत्र खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार को सौंपे, ताकि संबंधित विद्यार्थियों तक इन्हें शीघ्र पहुंचाया जा सके।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों का जन्म पंजीकरण सुनिश्चित करना है। जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में बच्चों को छात्रवृत्ति, पेंशन, आधार पंजीकरण तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है। ऐसे में प्रशासन ने शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों से अपील की कि जिन विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र अब तक नहीं बने हैं, उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि अभियान के माध्यम से उनका पंजीकरण कराया जा सके। खंड विकास अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का जन्म पंजीकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत देवेन्द्र सिंह, एडीओ कृषि बलवीर सिंह, पंचायत सचिव अवनीश, रजनीश, सुमित, नीरज, सुषमा, वर्षा और आकांक्षा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

चौधरी चरण सिंह पी. जी. कॉलेज हेंवरा में 21 फरवरी को होगा विराट कवि सम्मेलन, तैयारियां अंतिम चरण में

0
33449

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पावन स्मृतियों को समर्पित विराट कवि सम्मेलन का आयोजन 21 फरवरी शनिवार को प्रातः 10 बजे हेवरा स्थित चौधरी चरण सिंह पी.जी. कॉलेज, हेवरा के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र गौर ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बदायूं के सांसद आदित्य यादव मौजूद रहेंगे। कवि सम्मेलन में प्रदेश व देश के ख्यातिलब्ध कवि और शायर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आमंत्रित कवियों में सबीना अदीब, डॉ. राजीव राज, गौरी मिश्रा, कुमार मनोज, योगिता चौहान, रौनक इटावी, मयंक विधोलिया, प्रदीप तिवारी और तीरथ राज यादव शामिल हैं। संचालन सतीश मधुप करेंगे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। साहित्य प्रेमियों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। कॉलेज प्रशासन व प्रबंध समिति ने बताया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

करंट से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, ग्रामीणों ने तिरंगे में लपेट वन विभाग को सौंपा।

0
32553
फोटो :- तिरंगे में लपेट कर वन कर्मियों को सौंपते राष्ट्रीय पक्षी मोर का शव।

जसवंतनगर, (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के घुरहा जाखन गांव में मंगलवार शाम करीब 7 बजे करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। बताया गया कि मोर उड़ते समय विद्युत पोल और तार से टकरा गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद बच्चों व ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।

सूचना पर वन विभाग को अवगत कराया गया। वन दरोगा सचिन यादव के निर्देश पर वन रक्षक ब्रह्म सिंह व डालचंद्र ने शव कब्जे में लिया। ग्रामीणों ने सम्मान स्वरूप मृत मोर को तिरंगे में लपेटकर वन विभाग को सौंपा। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

महाशिवरात्रि व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

0
32459
फोटो :- बैठक की अध्यक्षता करती सीओ आयुषी सिंह।

जसवंतनगर, (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। आगामी महाशिवरात्रि एवं रमजान के पवित्र माह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की। इस दौरान थानाध्यक्ष कमल भाटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर व क्षेत्र के विभिन्न धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीओ आयुषी सिंह ने संवाद करते हुए सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर पंचायत व संबंधित विभागों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता रखने पर जोर दिया गया। बैठक में उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार समेत पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

जनपद न्यायालय इटावा में ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन, न्यायिक सेवाएं सरल

0
32453

इटावा। जनपद न्यायालय इटावा परिसर में आम नागरिकों को न्यायिक सेवाएं सरल व सुलभ कराने के उद्देश्य से स्थापित ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन जिला न्यायाधीश रजत सिंह जैन द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी ने बताया कि ई-सेवा केंद्र के माध्यम से न्यायालय से संबंधित विभिन्न सेवाएं आमजन को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

नागरिक अपने वादों की स्थिति, अगली तिथि, आदेश की जानकारी, जमानत व जेल से संबंधित प्रकरणों की जानकारी, ई-फाइलिंग संबंधी सहायता सहित अन्य न्यायिक कार्यों की जानकारी इस केंद्र से प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ई-सेवा केंद्र का उद्देश्य न्यायालय और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना है, जिससे लोगों को अनावश्यक भटकाव से राहत मिले और समय व धन की बचत हो सके। कार्यक्रम में अपर जिला न्यायाधीश प्रथम अवधेश कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी व न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।