Home Blog

जसवंतनगर में पत्रकार होली मिलन समारोह: संवाद, संस्कृति और एकता का मंच बना; खेली फूलों की होली

0
45586

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। नगर के पुरबिया होटल में पत्रकार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन पारंपरिक उत्सव से आगे बढ़कर संवाद, संस्कृति और सामाजिक एकता का सशक्त मंच बना। कार्यक्रम में रंगों की उमंग के साथ वैचारिक आदान-प्रदान और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। यह आयोजन केवल होली के उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मीडिया और समाज के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने का माध्यम भी बना। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी ने समारोह को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुबोध पाठक ने प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर अनुराग गुप्ता, यशवंत चतुर्वेदी, प्रेम कुमार शाक्य और मेघ सिंह वर्मा ने होली के आध्यात्मिक व सांस्कृतिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी भेदभाव मिटाकर नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश देता है। आलोक उपाध्याय, चेतन जैन और पंकज राठौर ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक समरसता और भाईचारे को सुदृढ़ करने वाला बताया।

IMG 20260303 WA0080

समारोह में अमित द्विवेदी, मोहन सिंह राजपूत, मनोज कुमार, बृजेश यादव, रजनीश यादव, राहुल यादव, आशीष कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने मोहम्मद आसिफ के साथ मिलकर फूलों की होली खेली। गुलाब और गेंदा की पंखुड़ियों के बीच मनाया गया यह उत्सव हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब की प्रतीकात्मक मिसाल बन गया।

अंत में मोहम्मद आसिफ ने उपस्थित सभी पत्रकारों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज की जागरूकता और दिशा निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग को मजबूती प्रदान करते हैं।

होली पर्व को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया नगर भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
44960

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर में होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हाईवे चौराहा से रेलवे रोड तक बाजार क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित किया।

नगर भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली खुशियों का पर्व है, इसलिए किसी पर जबरन रंग न डालें और किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी लोग सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार का आनंद लें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए। सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों तथा जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध तत्काल चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि होली को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, कोतवाली प्रभारी कमल भाटी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

फ़ोटो : नगर में भ्रमण करते जिलाधिकारी व वरिष्ट पुलिस अधीक्षक।

ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख़ बोर्ड यूनिट इटावा के जिलाध्यक्ष ने कराया रोज़ा इफ़्तार

0
44910

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। पचराहा चौराहा चौकर कुआं के पास मेजबान होटल में ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख़ बोर्ड यूनिट इटावा के जिलाध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद ने रोजा इफ्तार का आयोजन कराया। जिसमें सैकड़ों रोजदारों ने हिस्सा लिया और देश में अमन चैन व खुशहाली की दुआ मांगी गई। रोजा इफ्तार से पहले असर की नमाज के बाद जिलाध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद के वालिद मरहूम शेख कफील पहलवान साहब की रूह 23 अगस्त 2010 को इस फांनी दुनियाँ से परवज़ कर गई थी। इस दौरान उनकी सालाना फातिहा भी कराई गई। जिसमें मौलानाओं ने मरहूम के लिए दुआ की।

मुस्लिम समुदाय में रोजदारों को रोज़ा इफ़्तार कराना एक सबाव का काम माना जाता है । जिले भर की मस्जिदों में भी रोजदारों के लिए महीने भर इफ़्तार का आयोजन होता रहता है। रोज़ा इफ़्तार के बाद मगरिब की नमाज़ हाफ़िज़ फैजान अहमद चिश्ती ने अदा की और देश व दुनियां के लिए अमन चैन की दुआ मांगी।

इस रोजा इफ्तार में शामिल हुए शेख मेहंदी हसन उर्फ़ चीनी, शेख शाहनूर, शेख अकील अहमद, शेख ज़ुबैर, सपा नेता फरहान शकील,ऑल इंडिया के प्रदेश सचिव अब्दुल हमीद अशरफी, मीडिया प्रभारी मोहम्मद अजीम मोअज्जम, अनश खान , अशलम खान मोहम्मद शहीद , पत्रकार निहाल , मसूद तैमूरी,सैफ तैमूरी, इमरान खान, खुर्शीद आलम, शाहनवाज़ आलम, अज़हर फरीदी, कैफ हाफ़िज़ , हाजी अज़ीम वारसी, मंजूर नाना , नाजिम, मुराद आदि समाजसेवियों पत्रकार नेताओं की उपस्थिति उल्लेखनी रही ।

मानवीय कार्य के लिए विद्युत विभाग के एसडीओ सम्मानित

0

मानव धर्म यह सिखाता है कि इंसान का सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है। अगर मनुष्य अपने व्यवहार में प्रेम, सहिष्णुता और परोपकार को अपनाए, तो समाज में शांति और सद्भाव स्थापित हो सकता है।

44907

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। कुछ दिन पहले सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी एक महिला की मदद कर विद्युत विभाग के एसडीओ आनंद पाल सिंह ने मानवता और संवेदनशीलता की अनुकरणीय मिसाल पेश की थी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना विलंब किए घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचवाया। उनका यह कार्य न केवल एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी होने का परिचायक है, बल्कि वर्तमान स्वार्थी दौर में मानवीय मूल्यों को जीवंत करने वाला भी है।

इसी मानवीय कार्य के लिए एसडीओ आनंद पाल सिंह को सम्मानित किया गया। सम्मान कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविद डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तियों को सम्मान देना आवश्यक है, जो अपने कर्तव्य से बढ़कर मानवता को प्राथमिकता देते हैं। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोग भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम स्वार्थी जीवन से ऊपर उठकर मानवीय सरोकारों के लिए आगे आएं, तभी एक सशक्त, संवेदनशील और उन्नत समाज का निर्माण संभव है। इस दौरान भाजपा नेता महेश गुप्ता भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी एसडीओ के इस मानवीय कार्य की सराहना की है।

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज; नौ पर नामजद

0
44290

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र के ग्राम उतरई में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति समेत नौ लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम वजीरपुर, थाना मटसेना (फिरोजाबाद) निवासी राम अवतार शर्मा ने तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सोनी शर्मा का विवाह 4 दिसंबर 2022 को ग्राम उतरई निवासी शिव किशोर दीक्षित पुत्र वीरेंद्र दीक्षित से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में 20 लाख रुपये की मांग को लेकर सोनी को प्रताड़ित करता था।

44287

देवर द्वारा कथित रूप से धमकी दी जाती थी कि रकम न मिलने पर सरकारी नौकरी कर रहे पति की दूसरी शादी कर दी जाएगी।
पीड़ित पिता का कहना है कि शादी में स्कॉर्पियो कार, करीब 20 तोला सोना और गृहस्थी का सामान दिया गया था, इसके बावजूद मांग जारी रही। आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को पति शिव किशोर, देवर श्रीप्रकाश, जेठ हरीश, जेठानी ओमलता, सास प्रभा देवी, ससुर वीरेंद्र कुमार, ननद पूनम, अनीता और नंदोई संकल्प मिश्रा ने षड्यंत्र के तहत गला दबाकर हत्या की और साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या लगे। परिजनों का आरोप है कि बाद में ससुराल पक्ष ने फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी और शव को फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर में छोड़कर फरार हो गया। सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, जेठ-जेठानी, देवर व ननद समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम फिरोजाबाद में कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।

अछल्दा: 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से हलवाई की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

0
44211

औरैया। जिले के थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाना में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट की झूलती विद्युत लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि (32) पुत्र रामसनेही, निवासी जाहरपुरा थाना भरथना, जिला इटावा के रूप में हुई है।

शादी समारोह में आया था हलवाई का काम करने

बताया गया कि रवि गांव गढ़वाना में अपनी भांजी की शादी में हलवाई का काम करने आया था। शनिवार को शादी संपन्न हो चुकी थी और नोएडा से आई बारात की विदाई भी हो गई थी। देर रात के बाद रवि अचानक लापता हो गया। उसका भाई किशन कुमार रातभर उसे तलाशता रहा।

रविवार सुबह करीब 7 बजे खेत के किनारे नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आशंका है कि अंधेरे में खेत की ओर जाते समय वह करंट की चपेट में आ गया।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। करीब तीन माह पहले भी इसी लाइन की चपेट में आने से चार गायों की मौत हो चुकी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

रवि तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। पत्नी नेहा और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोग बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जता रहे हैं।

डीएम और बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मांग की है कि जब तक डीएम और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक आगे की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अछल्दा क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर खेत में पलटा, दो लोग घायल

0
44192

औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम एलपी में रविवार को एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे स्थित लाखन सिंह के खेत में जा गिरा। हादसे में रोहित पाल पुत्र छक्की लाल और राहल दिवाकर पुत्र राजकुमार घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रैक्टर से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

डिजिटल शिक्षा के दौर में बच्चों के लिए आयु-आधारित सुरक्षित डिवाइस बनें : प्रेम कुमार शाक्य

0
44118 edited
  • समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, राष्ट्रीय नीति बनाने की मांग
  • राष्ट्रपति–प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रेम कुमार शाक्य ने उठाई बाल सुरक्षा की आवाज़
  • डिजिटल शिक्षा ज़रूरी है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा पहले : प्रेम कुमार शाक्य
  • एआई के दौर में बच्चों के लिए सुरक्षित डिजिटल नीति की मांग

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। डिजिटल शिक्षा, मोबाइल, इंटरनेट और एआई के तेज़ी से बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर पहल सामने आई है। समाजसेवी एवं बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने बच्चों के लिए आयु एवं शैक्षणिक स्तर के अनुसार सुरक्षित शैक्षणिक डिवाइस विकसित किए जाने की मांग करते हुए महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय स्तर पर ठोस नीति बनाए जाने की अपील की है।
प्रेषित किए गए पत्र में प्रेम कुमार शाक्य ने उल्लेख किया है कि वर्तमान डिजिटल युग में शिक्षा तेजी से मोबाइल, इंटरनेट और एआई आधारित तकनीकों पर निर्भर होती जा रही है। इससे बच्चों को अध्ययन में नई सुविधाएं अवश्य मिल रही हैं, लेकिन चिंता का विषय यह है कि प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक के छात्र एक ही प्रकार के मोबाइल डिवाइस का उपयोग करने को मजबूर हैं। ऐसे डिवाइसों में हर उम्र और हर स्तर की सामग्री उपलब्ध होने के कारण बच्चे अनजाने में आपत्तिजनक, भ्रामक एवं अशोभनीय कंटेंट तक पहुंच जाते हैं, जिसका सीधा प्रभाव उनके मानसिक, सामाजिक और नैतिक विकास पर पड़ रहा है।
समाजसेवी श्री शाक्य ने सरकार से आग्रह किया है कि शिक्षा विभाग एवं तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से प्राइमरी, जूनियर, माध्यमिक एवं डिग्री स्तर के छात्रों के लिए अलग-अलग अथवा आयु-आधारित सुरक्षित डिजिटल/एआई शैक्षणिक डिवाइस विकसित किए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया है कि इन डिवाइसों में केवल पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक स्तर के अनुरूप सामग्री, सुरक्षित एआई आधारित शैक्षणिक टूल्स और अध्ययन सामग्री ही उपलब्ध हो, जबकि सोशल मीडिया, अनावश्यक एप्स और आपत्तिजनक कंटेंट पर पूर्ण प्रतिबंध रहे। साथ ही अभिभावक एवं शिक्षक निगरानी प्रणाली भी अनिवार्य की जाए।
प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि आज के समय में बच्चों को डिजिटल और एआई आधारित शिक्षा से पूरी तरह दूर रखना संभव नहीं है, लेकिन उन्हें असुरक्षित डिजिटल वातावरण में छोड़ देना भी उचित नहीं है। मोबाइल और एआई टूल्स का अनियंत्रित उपयोग बच्चों की एकाग्रता, व्यवहार, संस्कार और मानसिक संतुलन को प्रभावित कर रहा है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे बच्चों के सिलेबस अलग-अलग होते हैं, वैसे ही उनके लिए डिवाइस और डिजिटल सुविधाएं भी अलग होनी चाहिए। यदि सरकार इस दिशा में ठोस पहल करती है तो यह बच्चों की डिजिटल सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता और देश के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
समाजसेवी श्री शाक्य ने आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री पर पूर्ण रोक, एआई के सुरक्षित एवं नियंत्रित उपयोग तथा बच्चों के लिए सुरक्षित, शैक्षणिक और निगरानीयुक्त डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराने की पुरज़ोर मांग की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा ज़रूरी है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा पहले।

विकसित भारत 2047 पर राष्ट्रीय मंथन, दो दिवसीय सेमिनार का शुभारम्भ

0
43676
फोटो :- पुस्तक का विमोचन करते अतिथि।

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। चौ0 सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (ऑटोनोमस संस्थान) के तत्वावधान में “विकसित भारत की ओर भारत का अभियान 2047 : उपलब्धियां एवं चुनौतियां” विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारम्भ शनिवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) जितेन्द्र कुमार शर्मा, निदेशक बुंदेलखंड इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी उपस्थित रहे। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षा, अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचार की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ताओं में डॉ. जगदीश नारायण पुरवार, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी तथा डॉ. उमेश होलानी, जीवाजी यूनिवर्सिटी शामिल रहे, जिन्होंने सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक चुनौतियों पर विस्तृत विचार रखे।

विशिष्ट अतिथि प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार द्विवेदी, सीएसजेएम यूनिवर्सिटी ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और शोध उन्मुख दृष्टिकोण को समय की आवश्यकता बताया। संस्थान के चेयरमेन डॉ. बृजेश चंद्र यादव, प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव एवं आयोजक सचिव डॉ. संदीप पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) विनय कुमार पाठक, कुलपति छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन संबोधन देते हुए ऐसे अकादमिक आयोजनों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सेमिनार में इटावा व कानपुर जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद एवं शोधार्थियों ने सहभागिता कर शोधपत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान स्मारिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। संचालन सेमिनार संयोजक असि. प्रोफेसर ऋषिपाल सिंह ने किया तथा आयोजन में महाविद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही।

होली पर्व को लेकर थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित

0
43472
फोटो :- पीस कमेटी की अध्यक्षता करती हुई सीओ आयुषी सिंह।

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना जसवंतनगर सभागार में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि होलिका दहन स्थल को लेकर यदि कहीं किसी प्रकार का विवाद या समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को अवगत कराएं, जिससे समय रहते समाधान कराया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य सभी समुदायों के सहयोग से त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने भी उपस्थित लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि आजेंद्र गौर, राजीव गुप्ता, बबलू रामोतार यादव, शीलू तोमर, सुरेश गुप्ता, पुष्पेंद्र अग्निहोत्री, आशीष अग्निहोत्री, हाशिम अंसारी, श्रेयस मिश्रा, अभिषेक शुक्ला सहित उप निरीक्षक ललित चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, मनीष कुमार, आशीष, कृष्ण कुमार एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने का संकल्प लिया।